KORBA; खाकी का रंग बदला, गुंडा बनकर थाने में युवक की पिटाई, जांघ की हड्डी टूटी

 

कोरबा 25 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर थाने के भीतर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के अनुसार, धनुवारपारा (रानी रोड) निवासी राजेश मतवानी वर्ष 2022 में हुई अपने पिता की सड़क दुर्घटना के मामले में जांच की प्रगति जानने के लिए कोतवाली थाना पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया।

पीड़ित के परिजनों द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि थाने में मौजूद 4-5 पुलिसकर्मियों ने राजेश के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं, जिसमें उसकी जांघ की हड्डी (फीमर) टूट गई। घटना के बाद घायल युवक को जिला चिकित्सालय कोरबा में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

परिवार का आरोप है कि वे लंबे समय से मामले की जांच को लेकर पुलिस के चक्कर लगा रहे थे। जब युवक ने मामले में कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज की मांग की, तो उसके साथ मारपीट की गई।

पीड़ित के चाचा श्रीचंद मतवानी ने आरोप लगाते हुए कहा कि बिना किसी ठोस कारण के युवक के साथ अत्याचार किया गया है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच टीम गठित कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2