रायगढ़ 10 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों दोस्त बताए जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि दोनों ने एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर से फंदा बनाकर बबूल के पेड़ पर लटककर जान दे दी।
मृतकों की पहचान तेतला निवासी दीपक बरैठ (20) और कटंगपाली निवासी शिवशरण र्स (21) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को दीपक का जन्मदिन था। जन्मदिन के मौके पर दोनों दोस्तों ने पार्टी की और शराब पी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को दीपक अपने दोस्त लाभों के साथ पहले शिवशरण के पास गया। इसके बाद तीनों वापस चिखली आए। कुछ देर बाद लाभों अपने घर लौट गया। वहीं दीपक अपनी बाइक घर में छोड़कर शिवशरण के साथ चिखली बाजार पहुंचा, जहां दोनों ने शराब पी।
इसके बाद दोनों युवक पास स्थित शासकीय माध्यमिक शाला के परिसर में पहुंचे और वहां लगे बबूल के पेड़ पर एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह ग्रामीणों ने देखे शव
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों युवकों के शव पेड़ पर फंदे से लटके देखे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को फंदे से नीचे उतारा।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मौके से शराब की बोतल भी बरामद हुई है।फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मृतकों के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। पुसौर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

