पं. विद्याधर शर्मा की पुण्यतिथि पर 19 अप्रैल को वृहद् निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, दंत, बीएमडी व आयुर्वेद परामर्श की सुविधा

 

कोरबा 18 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के संस्थापक सदस्य एवं शिव औषधालय के संस्थापक स्वर्गीय पंडित विद्याधर शर्मा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर 19 अप्रैल 2026, रविवार को एक वृहद् निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, शिव औषधालय, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।

शिविर का आयोजन पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय (दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा) में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा।

इस शिविर में दंत रोग, अस्थि खनिज घनत्व जांच (Bone Mineral Density - BMD), आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श एवं उपचार सहित विभिन्न रोगों की निःशुल्क जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही आंख, नाक, कान, गला, त्वचा, गुदा, शिशु, स्त्री एवं श्वास रोग सहित अन्य बीमारियों का भी अनुभवी चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया जाएगा।

विशेष रूप से रायपुर के ख्यातिलब्ध दंत चिकित्सक डॉ. विकास अग्रवाल अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में दांतों के उपचार के साथ ऐसे मरीजों के लिए भी विशेष सुविधा रहेगी, जो शुगर या बीपी जैसी समस्याओं के कारण दांत निकलवाने में असमर्थ हैं। उन्हें आयुर्वेद की विशेष विधि "जालंधर बंध" के माध्यम से बिना दर्द एवं बिना एनेस्थीसिया के उपचार प्रदान किया जाएगा।

शिविर में बीएमडी मशीन द्वारा अस्थि खनिज घनत्व की लगभग 2200 रुपये मूल्य की जांच निःशुल्क की जाएगी, जिसे दिल्ली से आए तकनीशियन द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा रक्त शर्करा, रक्तचाप एवं हीमोग्लोबिन की जांच भी निःशुल्क होगी।

आंखों की जांच कर चश्मे का नंबर कार्ड भी प्रदान किया जाएगा। साथ ही यौन संचारित रोग, टीबी आदि से संबंधित जांच, परामर्श एवं उपचार एड्स काउंसलर एवं उनकी टीम द्वारा किया जाएगा।

शिविर में निःशुल्क औषधि वितरण, परामर्श एवं स्वास्थ्य पुस्तिका भी दी जाएगी।

मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रमुख चिकित्सक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि उनके पूज्य दादाजी पंडित विद्याधर शर्मा जी ने "नर सेवा ही नारायण सेवा" के उद्देश्य से शिव औषधालय की स्थापना की थी। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में क्षेत्रवासियों से शिविर में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की है। पंजीयन हेतु इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर समय प्राप्त कर सकते हैं, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2