कोरबा 16 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कोरबा के नागरिक पिछले लगभग तीन दशकों से रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर लगातार प्रयासरत हैं, लेकिन रेल प्रबंधन की उदासीनता के कारण अब तक ठोस परिणाम नहीं मिल पाए हैं। इस मुद्दे को लेकर कोरबा विकास समिति (रेल) ने कलेक्टर से मुलाकात कर रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए मांगों के निराकरण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया है। समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी रेलवे का रवैया नहीं बदला, तो नागरिक उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी रेलवे प्रबंधन की होगी।
सर्वाधिक राजस्व के बावजूद उपेक्षा
कोरबा देश के उन जिलों में शामिल है जो रेलवे को सर्वाधिक राजस्व प्रदान करते हैं, विशेषकर कोयला लदान के माध्यम से। इसके बावजूद यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास में कोरबा की लगातार अनदेखी की जा रही है। इससे आम जनता में असंतोष गहराता जा रहा है और अब यह असंतोष आंदोलन का रूप लेने की ओर बढ़ रहा है।
कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग
समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए आग्रह किया कि वे व्यक्तिगत रुचि लेकर बिलासपुर रेल मंडल के मंडल प्रबंधक एवं जोनल मुख्यालय के महाप्रबंधक से चर्चा करें। साथ ही दोनों अधिकारियों को कोरबा बुलाकर कलेक्टर, क्षेत्रीय सांसद, राज्य के वाणिज्य-उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बैठक आयोजित करने की मांग की गई।
प्रमुख मांगें
👉🏻 पिटलाइन सुविधा शुरू हो
कोरबा रेलवे स्टेशन में निर्मित पिटलाइन को जल्द शुरू किया जाए ताकि यहां से चलने वाली ट्रेनों का रखरखाव यहीं हो सके।
👉🏻 ट्रेन संचालन नियमित हो
बार-बार ट्रेनों के रद्द होने पर रोक लगाते हुए सभी यात्री गाड़ियों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाए।
👉🏻 प्रदूषण नियंत्रण
स्टेशन के पास स्थित कोल साइडिंग से फैल रहे प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।
👉🏻 स्टेशन सुविधाओं का विस्तार
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पेयजल, शौचालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, रैंप एवं प्रवेश द्वार का मानकीकरण किया जाए।
👉🏻 रेलवे क्रॉसिंग समस्या का समाधान
बार-बार बंद रहने वाली लेवल क्रॉसिंग की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
👉🏻 हसदेव एक्सप्रेस का विस्तार
हसदेव एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त एसी कोच जोड़कर इसे कोरबा से दुर्ग तक चलाया जाए।
👉🏻 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को कोरबा तक लाया जाए
वापसी में इस ट्रेन को बिलासपुर में समाप्त करने की बजाय कोरबा तक चलाया जाए।
👉🏻 पार्किंग सुविधा बढ़े
स्टेशन में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग विकसित की जाए।
👉🏻 अंडरब्रिज/ओवरब्रिज निर्माण
संजय नगर, इमलीडुग्गू और कुसमुण्डा क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज या ओवरब्रिज का निर्माण किया जाए।
नई ट्रेनों की मांग
1.कोरबा से भोपाल और रीवा के लिए सीधी ट्रेन
2.कोरबा–रायगढ़–झारसुगुड़ा मार्ग पर यात्री ट्रेन
3.कोरबा से जयपुर एवं दुर्ग के लिए सीधी ट्रेन
स्पेशल ट्रेनों की मांग
1.कोरबा–खाटू श्याम
2.कोरबा–अयोध्या
3.कोरबा–दानापुर
4.कोरबा–नई दिल्ली
आंदोलन की चेतावनी
कोरबा विकास समिति (रेल) ने साफ किया है कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। नागरिकों का कहना है कि अब वे अपने हक के लिए सड़क पर उतरने को तैयार हैं।

