कोरबा 22 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के रजगामार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सालिक राम यादव ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी छेक बाई की निर्मम हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया। घटना के बाद वह कथित तौर पर कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। इस दौरान वह गांव के ही कौशल साहू के पोल्ट्री फार्म के पास कुछ देर तक रुका भी रहा, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल और गहरा गया।
इस हृदयविदारक घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि आरोपी के चार मासूम बच्चे भी हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है और पूरा परिवार गहरे सदमे में है। इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
दिनदहाड़े हुई इस खौफनाक वारदात से गांव में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही रजगामार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और घटना के कारणों की बारीकी से पड़ताल जारी है।

