बिलासपुर 18 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिनांक 17 अप्रैल 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार, मारुति अर्टिगा कार (क्रमांक CG 04QD 7255) में कटघोरा से मरवाही मार्ग होते हुए मध्यप्रदेश की ओर गांजा ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही थाना रतनपुर पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नेशनल हाईवे स्थित नवापारा चौक भेडी मुंडा के पास घेराबंदी की।
जैसे ही संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से 245 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 22 लाख रुपए है, बरामद किया गया। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त अर्टिगा कार भी जब्त की गई।
पुलिस ने मौके से आरोपी अमित कुमार केवट, निवासी भुतही टोला बुढार, को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
👉 कुल मिलाकर पुलिस ने 245 किलो गांजा और अर्टिगा वाहन सहित लगभग 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

