CG: चमत्कार के नाम पर दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने वाला 'निर्मल बाबा' गिरफ्तार, हिमाचल से पकड़ा गया आरोपी

 

जांजगीर- चांपा 22 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र में एक ढोंगी निर्मल बाबा द्वारा महिला के साथ दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी निर्मल बाबा को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने खुद को चमत्कारी बताकर उसका विश्वास जीता और शरीर के दर्द को ठीक करने का झांसा दिया। इसी बहाने वह उसे अपने जाल में फंसाता रहा और कई बार दुष्कर्म किया।

जानकारी के अनुसार, महिला ने 11 अप्रैल को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी बाबा पदयात्रा करते हुए इलाके के एक गांव पहुंचा था और लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा कर रहा था। इसी दौरान पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिली, जहां बाबा ने हाथ देखकर इलाज का भरोसा दिया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया।

बाद में 26 मार्च को आरोपी ने महिला को बाजार में बुलाकर प्रसाद खिलाया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। महिला बिलासपुर से ट्रेन के जरिए मध्यप्रदेश के मैहर पहुंची, जहां एक होटल में आरोपी ने इलाज के नाम पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिया।

घर लौटने के बाद आरोपी लगातार महिला को फोन कर परेशान करता रहा। जब पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो उसने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसके आपत्तिजनक वीडियो और फोटो वायरल कर दिए। इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2