कोरबा 1 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ विद्युत विभाग के ठेका कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। छ.ग. विद्युत विभाग ठेका कर्मचारी कल्याण संघ द्वारा विभाग को भेजे गए पत्र में कर्मचारियों की कई गंभीर समस्याओं को उठाया गया है।
संघ ने बताया कि 3 सितंबर 2024 को पत्र क्रमांक-60 के माध्यम से कर्मचारियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं—ESIC, EPF, वेतन और बोनस—को लेकर विभाग को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद 25 सितंबर 2024 तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें जुलाई माह का वेतन तो मिल गया, लेकिन जून और अगस्त माह का वेतन अब तक बकाया है। साथ ही ESIC सुविधा भी बंद कर दी गई है, जिससे कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ ने यह भी बताया कि विभाग द्वारा वर्तमान कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर नया टेंडर जारी किया गया है, लेकिन अभी तक किसी नई कंपनी ने कार्यभार नहीं संभाला है। ऐसे में काम कर रहे कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय नहीं हो पा रही है, जिससे किसी दुर्घटना की स्थिति में जोखिम बढ़ गया है।
वहीं, दूसरे पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जनवरी 2024 से फरवरी 2024 तक ठेका कर्मचारियों का EPF जमा नहीं किया गया है। करीब 58 लाख 60 हजार रुपये की राशि बकाया बताई जा रही है। कर्मचारियों ने आधार कार्ड, पैन कार्ड और UAN नंबर के साथ संबंधित दस्तावेज भी विभाग को सौंप दिए हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इन समस्याओं के चलते कर्मचारियों ने 1 अक्टूबर 2024 से सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय लिया है। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक वेतन, EPF और ESIC जैसी सुविधाएं बहाल नहीं की जातीं, तब तक कर्मचारी कार्य पर वापस नहीं लौटेंगे। संघ ने विभाग से जल्द समाधान निकालने की मांग की है, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती है।

