कोरबा 2 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाकछार जंगल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो युवकों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटके हुए पाए गए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बन गया है।
मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर पिता– राजेंद्र कंवर और अमित माथुर पिता– दीपक माथुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने जंगल के भीतर पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसको लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस द्वारा आत्महत्या सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

