कोरबा 29 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून लागू किए जाने पर सामाजिक संगठन धर्म सेना, जिला कोरबा ने राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। संगठन की ओर से जारी एक पत्र में मुख्यमंत्री एवं जिला कलेक्टर को धन्यवाद ज्ञापित किया गया है।
बताया गया कि छत्तीसगढ़ में लंबे समय से धर्मांतरण की समस्या को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में चिंता और आक्रोश था। संगठन का कहना है कि इस विषय पर कई वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे और अब शासन-प्रशासन के सहयोग से छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता विधेयक 2026 लागू किया गया है, जो पहले के मुकाबले अधिक सख्त माना जा रहा है।
धर्म सेना के जिला अध्यक्ष साकेत शर्मा ने कहा कि इस कानून के लागू होने से धर्मांतरण पर रोक लगेगी और प्रदेश को इस समस्या से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने इसे समाज और शासन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताते हुए सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
संगठन ने उम्मीद जताई है कि नए कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में सामाजिक संतुलन और शांति बनी रहेगी।

