कोरबा 21 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के अंतर्गत बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से “बच्चे रहें स्वस्थ” योजना के तहत गुरुवार, 21 मई 2026 को अति शुभ गुरु पुष्य नक्षत्र में आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा द्वारा बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स पिलाकर आयुर्वेद पद्धति से टीकाकरण किया गया।
इस अवसर पर नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार आयुर्वेद के 16 प्रमुख संस्कारों में से एक महत्वपूर्ण संस्कार है, जिसे जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों को कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह संस्कार बच्चों को मौसमी बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक माना जाता है।
डॉ. शर्मा के अनुसार, स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सकारात्मक भूमिका निभाता है तथा यह एक प्रभावशाली इम्युनिटी बूस्टर के रूप में कार्य करता है।
कार्यक्रम में श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा सहित नेत्रनंदन साहू, अश्वनी बुनकर, कमल धारिया, अरुण मानिकपुरी, देवबली कुंभकार, सिद्धराम शाहनी, राकेश इस्पात, पंचकर्म थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ एवं सिमरन जायसवाल ने विशेष रूप से उपस्थित होकर अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

