KORBA; ASI के पुत्र पर जानलेवा हमला, पत्रकार को पिस्टल की नोक पर पीटा; लूटकर फरार हुए बदमाश

 

कोरबा 07 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर से लेकर एनटीपीसी मार्ग स्थित बलगी मोड़ तक शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात हुए एक हिंसक घटनाक्रम ने पुलिस विभाग और पत्रकार जगत में चिंता बढ़ा दी है। इस घटना में एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक युवा पत्रकार के साथ कथित रूप से अपहरण, मारपीट और लूटपाट की घटना सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

मामूली विवाद के बाद युवक को वाहन से टक्कर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बायपास मार्ग पर कुछ युवक एक कार में बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद बोलेरो वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर पर्याप्त जगह होने के बावजूद वाहन निकालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान एएसआई रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे वाहन से बाहर निकले, तभी बोलेरो चालक ने कथित रूप से तेज गति से वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे चंद्रमणि गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया।

पीछा करने पर पत्रकार और साथी बने निशाना

घटना के बाद साहिल निर्मलकर और युवा पत्रकार अरविंद राठौर स्कूटी से बोलेरो का पीछा करने लगे। बताया जाता है कि पीछा करते हुए वे एनटीपीसी मार्ग होते हुए बलगी क्षेत्र तक पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान बोलेरो सवारों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया।

कथित रूप से कुछ लोगों ने अरविंद राठौर को रोककर सड़क पर गिराया और जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। वहीं साहिल निर्मलकर किसी तरह वहां से निकलकर अन्य लोगों को घटना की जानकारी देने में सफल रहे।

सामूहिक मारपीट और लूटपाट का आरोप

जानकारी के अनुसार, बलगी क्षेत्र में अरविंद राठौर के साथ बड़ी संख्या में मौजूद लोगों द्वारा मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों में से एक के पास पिस्टलनुमा हथियार भी था, जिससे कथित रूप से हवाई फायरिंग की गई।

पीड़ित के अनुसार, मारपीट के बाद हमलावर उसके पास मौजूद नकदी, मोबाइल फोन तथा सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे बलगी मोड़ के पास छोड़ दिया गया।

होश आने पर साथियों को दी सूचना

कुछ समय बाद होश में आने पर अरविंद राठौर ने अपने दूसरे मोबाइल फोन से साथियों को सूचना दी। इसके बाद उन्हें वहां से निकालकर बांकीमोंगरा थाना ले जाया गया और बाद में उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वर्तमान में अरविंद राठौर और चंद्रमणि रात्रे दोनों का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि चंद्रमणि की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस द्वारा बुधवारी बायपास से लेकर बलगी मोड़ तक विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2