कोरबा 16 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कोरबा से रायपुर जा रहे कोरबा के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. विवेक रंजन महतो, जो पूर्व सांसद स्व. बंशीलाल महतो के पुत्र हैं, एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गए। सफर के दौरान उनकी चलती कार में अचानक आग भड़क उठी। उस वक्त कार में डॉ. महतो समेत तीन लोग सवार थे। जैसे ही वाहन से धुआं उठता दिखाई दिया, सभी ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में कार आग के गोले में तब्दील हो गई और धू-धू कर जलने लगी।
बताया जा रहा है कि हादसा दर्री जेलगांव मार्ग पर हुआ। सफर के दौरान अचानक कार से धुआं निकलने लगा, जिसके बाद चालक ने फौरन वाहन रोक दिया। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही हसदेव थर्मल पावर प्लांट की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
इस घटना के चलते सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। दर्री पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात को सामान्य कराया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

