कोरबा 14 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता जुनून युवाओं के लिए जानलेवा साबित होता जा रहा है। कुसमुंडा क्षेत्र में हुई एक दर्दनाक घटना ने फिर यह साबित कर दिया कि कुछ सेकेंड की वायरल वीडियो के लिए उठाया गया जोखिम जिंदगी पर भारी पड़ सकता है।
जिले के कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर स्थित अहिरन नदी में मंगलवार को नहाने गए युवक निखिल की डूबने से मौत हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसे उसके दोस्त ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था। वीडियो में दिखाई देता है कि निखिल नदी में छलांग लगाने के बाद करीब एक मिनट तक तैरता रहा, लेकिन अचानक उसके हाथ-पांव जवाब देने लगे और देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गया।
बताया जा रहा है कि निखिल ने अपने दोस्त से कहा था कि वह नदी में कूदकर नहाने का वीडियो बनाए, जिसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया जाएगा। दोस्त तैरना नहीं जानता था, इसलिए वह केवल वीडियो बनाता रह गया और निखिल को बचा नहीं सका।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन, पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। मंगलवार देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा। बुधवार सुबह फिर से खोजबीन शुरू हुई। स्थानीय गोताखोरों के साथ बिलासपुर से एसडीआरएफ टीम भी बुलाई गई, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों और दोस्तों के आग्रह पर पानी के भीतर सर्च ऑपरेशन की तैयारी की गई, लेकिन ऑक्सीजन सिलेंडर और उपकरणों की तकनीकी दिक्कतों के कारण अभियान में देरी होती रही। इसी बीच देर रात करीब एक बजे युवक का शव खुद ही पानी की सतह पर आ गया। मौके पर मौजूद परिजनों और दोस्तों ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद गुरुवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
यह हादसा केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि समाज के लिए चेतावनी भी है। बिना नदी की गहराई और बहाव को समझे पानी में उतरना खतरनाक साबित हो सकता है। अहिरन नदी में हर साल डूबने की घटनाएं सामने आती रही हैं, इसके बावजूद लोग सतर्क नहीं हो रहे। ऐसे क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा इंतजाम और जनजागरूकता अभियान की सख्त जरूरत महसूस की जा रही है।

