पैतृक संपत्ति विवाद में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार

 

जांजगीर-चांपा 14 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के भवंतरा गांव में हुए चारहरे हत्याकांड मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस वारदात को मृतक परिवार के सदस्य सोना साय कश्यप ने अपने बेटे गोलू के साथ मिलकर अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यही विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सोना साय कश्यप का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। जानकारी के मुताबिक, उसने वर्षों पहले अपने बड़े भाई की हत्या की थी, जिसके मामले में वह करीब 15 साल तक जेल में बंद रहा। हाल ही में रिहा होकर गांव लौटने के बाद फिर से संपत्ति विवाद को लेकर परिवार में तनाव बढ़ने लगा था।

पुलिस ने बताया कि शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में आरोपी के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी थी, लेकिन विवाद पूरी तरह शांत नहीं हो पाया। अब इस सामूहिक हत्याकांड के बाद पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

सुबह मिस्त्री ने देखे शव, तब हुआ हत्याकांड का खुलासा

गुरुवार सुबह उस समय गांव में सनसनी फैल गई, जब निर्माणाधीन मकान में काम करने पहुंचे एक मिस्त्री ने चार लोगों के शव खाट पर पड़े देखे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जांच शुरू की। शुरुआती पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में लिया, जहां पूछताछ के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस हत्याकांड में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2