12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामुदायिक भवन सक्ती में उत्साहपूर्वक किया गया सामूहिक योगाभ्यास, जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम संपन्न

 

सक्ती, 21 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज 21 जून 2026 को जिला मुख्यालय अंतर्गत जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय के पास सामुदायिक भवन सक्ती में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई और योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करने के साथ साथ सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता की। जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में सांसद, कलेक्टर, एसपी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों अधिकारियों कर्मचारियों और नगरवासियों ने एकजुट होकर उत्साहपूर्वक योग किया। 

कार्यक्रम में सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से शांत तथा आत्मिक रूप से मजबूत बनाता है। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा देश योग कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने और इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी व्यक्ति को स्वस्थ जीवन और सुखमय जीवन के लिए प्रतिदिन योग जरूर करना चाहिए । इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग के माध्यम से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर स्वस्थ और प्रसन्न जीवन जी सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों को संदेश देते हुए कहा कि ‘‘स्वस्थ रहिए, मस्त रहिए’’ और नियमित योग के माध्यम से अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाइए। पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने भी योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को ‘‘करो योग, रहो निरोग’’ का संदेश देते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के युवाओ सहित सभी को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक और प्रेरित करेंगे।

योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास कराया गया। योग सत्र में ग्रीवा चालन, स्कंद चालन, कटिआसन, घुटना संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, बज्रासन, पूर्णउस्ठासन, मंडुकासन, मकरासन, भुजंगासन, सेतु बंधासन, उत्तान पादासन, पवन मुक्तासन, शवासन, प्राणायाम, पदमासन, भ्रामरी प्राणायाम, सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया। साथ ही कपालभाति, प्राणायाम, भ्रामरी आदि का प्रशिक्षण देकर योग के मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जिले के सभी विकासखंड में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। जिसमें जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास कर दैनिक जीवन में नियमित योग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री संजय रामचंद्र सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, जिला आयुष अधिकारी डॉ जवाहर लाल बंजारे, समाज कल्याण उप संचालक श्री सुनील मिश्रा सहित जिला स्तरीय अधिकारियों, जिले के गणमान्य नागरिक, आमजन, स्कूली छात्र छात्राएं, नगरवासियों आदि द्वारा सामुदायिक भवन सक्ती में उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास किया गया।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2