कुसमुंडा खदान में फिर मौत: ट्रेलर की टक्कर से चालक ने गंवाई जान, 2 दिनों में 2 मौतों से उत्पादन ठप

कोरबा 21 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। खदान क्षेत्र के 3 नंबर बैरियर के पास ट्रेलर की टक्कर से वाहन चालक नरेश केंवट गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि कुसमुंडा परियोजना में लगातार हो रहे हादसों को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। कर्मचारियों का आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बार-बार सवाल उठने के बावजूद प्रबंधन पर्याप्त कदम नहीं उठा रहा है। पिछले दो दिनों के भीतर हुई दो मौतों ने कर्मचारियों के आक्रोश को और बढ़ा दिया है।

हादसे के विरोध में कर्मचारियों ने नाराजगी जताते हुए कामकाज प्रभावित कर दिया, जिसके चलते कुसमुंडा क्षेत्र में कोयला उत्पादन पूरी तरह ठप होने की जानकारी सामने आ रही है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उनका विरोध जारी रह सकता है।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर खदानों में सुरक्षा मानकों और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कुसमुंडा प्रबंधन भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस उपाय करता है और कर्मचारियों के आक्रोश को किस तरह शांत करता है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2