👉 कंडक्टर की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला मामला
कोरबा 04 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कोरबा पुलिस के "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चौकी सीएसईबी रामपुर पुलिस ने 22 लाख रुपये मूल्य की चोरी हुई यात्री बस को कुछ ही घंटों में बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को बस मालिक ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी यात्री बस क्रमांक CG-10-G-1601 नया बस स्टैंड कोरबा से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कोहड़िया के पास पकड़ाया आरोपी
जांच के दौरान बस के कंडक्टर ने चोरी गई बस और उसे ले जा रहे व्यक्ति की पहचान कर ली। कंडक्टर की सतर्कता के चलते आरोपी को कोहड़िया के पास पकड़कर चौकी सीएसईबी रामपुर पुलिस के हवाले किया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मनजीत सिंह टोप्पो (31 वर्ष), निवासी बंधियापारा सिल्ली, थाना पाली, जिला कोरबा के रूप में हुई। आरोपी ने बस चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
बस बरामद, आरोपी पर कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई बस को सुरक्षित बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने जनता से की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। जनसहयोग और पुलिस की सतर्कता से अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

