KORBA BREAKING: बालको टाइगर प्वाइंट की खाई से युवक का शव बरामद, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

 

कोरबा 04 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के बालको-लेमरू मुख्य मार्ग स्थित टाइगर प्वाइंट क्षेत्र में एक युवक का शव गहरी खाई में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नवनीत सिंह के रूप में होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि वह कोरबा के एक अधिवक्ता के रिश्तेदार थे। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी।

जानकारी के अनुसार नवनीत सिंह 2 जून की रात घर से निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसी बीच 3 जून की शाम सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिली कि टाइगर प्वाइंट के समीप एक गहरी खाई में वाहन दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी बालको पुलिस को दी गई।

रात में परिजनों और परिचितों ने युवक की तलाश की कोशिश की, लेकिन अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। गुरुवार सुबह दोबारा सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 200 फीट गहरी खाई में एक युवक का शव दिखाई दिया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

प्रारंभिक जांच में वाहन दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है, लेकिन युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस दुर्घटना, तकनीकी खराबी सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल शव को खाई से बाहर निकालने, पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है, वहीं परिजन मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग कर रहे हैं।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2