कोरबा 01 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खोड़डल के ग्रामवासियों ने अडानी पावर प्लांट में स्थायी रोजगार की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी सरोज कुमार महिलांगे को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामवासियों का कहना है कि वर्ष 2010-11 में लैंको पावर प्लांट (अडानी) के लिए उनकी पैतृक भूमि का अधिग्रहण किया गया था, जिसके बदले प्रभावित परिवारों को स्थायी रोजगार देने का आश्वासन दिया गया था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्तमान में जारी की गई स्थायी रोजगार सूची से अधिकांश प्रभावित परिवार वंचित रह गए हैं, जिससे गांव में भारी असंतोष व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत खोड़डल के प्रत्येक प्रभावित खाताधारक परिवार को अडानी पावर प्लांट में स्थायी नौकरी दिलाई जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और विरोध प्रदर्शन की स्थिति निर्मित हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित कंपनी की होगी।
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा, स्थानीय विधायक, अडानी पावर लिमिटेड तथा थाना प्रभारी उरगा को भी प्रेषित की गई है।


