कोरबा: तेज आंधी-तूफान और बारिश का कहर, पेड़ की डाल गिरने से 3 किशोरों की दर्दनाक मौत

 

कोरबा 30 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में शनिवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। दोपहर की तेज धूप और उमस के बाद शाम होते-होते जिलेभर में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस दौरान पाली ब्लॉक के पहाड़ गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें पेड़ की भारी डाल गिरने से तीन आदिवासी किशोरों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पहाड़ गांव के आश्रित ग्राम बैसेमार निवासी कमलेश कुमार, दिनेश तिर्की और शिव टेकाम आंधी-बारिश से बचने के लिए एक बड़े पेड़ के नीचे रुके हुए थे। इसी दौरान तेज तूफान के चलते पेड़ की बड़ी डाल अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाली पहुंचाया गया। जहां एक किशोर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे पहाड़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीनों शवों को सीएचसी की मर्च्युरी में रखा गया है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने एक ही गांव के तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2