KORBA: भारतमाला सड़क हादसें में रामपुर विधायक के नाती सहित 2 की मौत, 3 गंभीर

 

कोरबा 15 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले से जामुन लेकर बिलासपुर मंडी जा रही एक पिकअप वाहन शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के नाती सहित दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा भारतमाला उरगा-बिलासपुर मार्ग पर जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़ाभाठा के पास रात करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में 23 वर्षीय मंजीत कुमार राठिया और 24 वर्षीय मुकेश राठिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मंजीत कुमार विधायक फूलसिंह राठिया के बड़े भाई चमार राठिया की बेटी का पुत्र था।

वहीं, दिनेश कुमार (25 वर्ष), कपूर राठिया (30 वर्ष) और अजीत राठिया (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही विधायक फूलसिंह राठिया परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव उनके गृहग्राम केरवाद्वारी लाए गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और परिजन शामिल हुए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि भारतमाला मार्ग पर तेज रफ्तार, ओवरलोड और गलत दिशा में चलने वाले वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई, नियमित जांच और यातायात नियमों के प्रभावी पालन की मांग की है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2