कोरबा 23 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। नरेंद्र मोदी विचार मंच के स्थापना दिवस के अवसर पर दिनांक 22 जून 2026 (सोमवार ) को जिला कोरबा इकाई द्वारा श्री आनंदम् कन्नौजिया राठौर समाज भवन, मैगजीन भाठा दादर रोड में एक विचार गोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंच के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अमरनाथ सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं गोरेलाल स्वर्णकार (राष्ट्रीय सचिव) एवं नरेंद्र वाकड़े (प्रदेश उपाध्यक्ष) अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेंद्र मोदी विचार मंच जिला कोरबा के जिला अध्यक्ष सीताराम राठौर ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अजय दास वैष्णव (राष्ट्रीय सचिव, मजदूर महासंघ), अखिलेश जायसवाल (जिला महामंत्री), अजय शर्मा (जिला महामंत्री), ममता सान्याल (अध्यक्ष, महिला मोर्चा), हरीश कुमार राठौर (सचिव, कन्नौजिया राठौर समाज जिला कोरबा) तथा विजय कुमार राठौर (अध्यक्ष, कन्नौजिया राठौर नवचेतना समिति कोरबा) उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अमरनाथ सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और उन्नति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास" के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने में नरेंद्र मोदी विचार मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों एवं राष्ट्र निर्माण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी विचार मंच के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच का सफल संचालन मंच के प्रवक्ता द्वय अजीत कैवर्त एवं फेया सेनगुप्ता द्वारा किया गया।


