BILASPUR: निजी अस्पताल में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के बीच हाथापाई, दोनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई

 

बिलासपुर 18 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर के रिंग रोड स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार को ड्यूटी के दौरान डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के बीच हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों पक्ष सिविल लाइन थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों की रिपोर्ट पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में अयोध्या नगर निवासी डॉ. गेंदलाल जोगी ने बताया कि उनकी ड्यूटी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक थी। दोपहर के समय उनकी पत्नी उनसे मिलने अस्पताल आई थीं। पत्नी के जाने के बाद वह बच्चे को स्कूल से लेकर घर छोड़ने गए और फिर अस्पताल लौट आए। डॉक्टर का आरोप है कि इसी बात को लेकर अस्पताल की नर्सिंग स्टाफ अनिता टंडन ने उनसे विवाद शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अनिता ने मरीजों के सामने गाली-गलौज करते हुए उन्हें थप्पड़ मारा और जान से मारने की धमकी दी, जिससे उनके गाल और दांत में चोट आई।

वहीं आवासपारा अमेरी निवासी अनिता टंडन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वह आईसीयू में मरीजों की निगरानी कर रही थीं। इसी दौरान डॉ. जोगी ने उन्हें दूसरी जगह बैठने के लिए कहा। विरोध करने पर डॉक्टर ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उनकी भुजा, हथेली और गले में चोट आई।

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के अनुरूप आगे की वैधानिक कार्रवाईकी जाएगी।


Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2