कोरबा 14 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत हादसों की सड़क बन चुकी रिंग रोड स्थित नाला पुल के जर्जर मार्ग पर हादसे में बाइक सवार दो युवतियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल युवक को डायल-112 की मदद से तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कोयला लदे ट्रेलर क्रमांक CG 12 BG 2932 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 CB 2635 के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवतियों के सड़क पर गिरने के बाद पहिया ऊपर से गुजर गया और दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। पुलिस मृतक युवतियों की शिनाख्त में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया। जा रहा है कि ट्रेलर चालक नशे में घुत था और नशे में ट्रक चला रहा था। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। नाराज लोगों ने चक्काजाम कर दिया है। पुलिस हालात को संभालने की कोशिश कर रही है।


