KORBA: करतला के जंगल में हाथी का हमला, पुटु लेने गए 55 वर्षीय ग्रामीण की दर्दनाक मौत

 

कोरबा 9 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पीडिया और तुर्रीकटरा के बीच स्थित जंगल में गुरुवार को हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम पीडिया निवासी जहाज़ सिंह राठिया (लगभग 55 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, जहाज़ सिंह राठिया सुबह जंगल में पुटु (जंगली मशरूम) निकालने गए थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि बरसात के मौसम में पुटु और अन्य वनोपज संग्रह के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों का रुख करते हैं। इसी दौरान हाथियों की सक्रियता भी बढ़ जाती है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी या गतिविधियों की सूचना मिलने पर जंगल में प्रवेश न करें तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2