कोरबा 18 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र के पंडित रविशंकर शुक्ल नगर में स्कूल बस की टक्कर से घायल 61 वर्षीय भोकालू साहू की इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को उनकी मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग करते हुए कहा कि जब तक ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली टीआई प्रमोद डडसेना, मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली बातचीत के बाद स्कूल प्रबंधन ने मृतक के पुत्र को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, जबकि प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजनों ने अपना आंदोलन समाप्त किया और शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए अपने गृहग्राम रवाना हो गए। मानिकपुर चौकी पुलिस ने स्कूल बस चालक गोरेलाल निषाद, निवासी ग्राम भुलसीडीह, के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे उस समय हुआ था, जब चालक बच्चों को छोड़कर खाली बस लेकर लौट रहा था।
मृतक के पुत्र ने कहा कि इस हादसे में उन्होंने अपने पिता को खो दिया, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उन्होंने प्रशासन से ऐसी व्यवस्था करने की मांग की, जिससे भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल उठाए और सभी स्कूल बस चालकों से तेज रफ्तार व नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।
घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं। अधिकारियों ने कॉलोनी के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और दुर्घटना स्थल पर स्पीड ब्रेकर निर्माण के लिए नगर निगम आयुक्त के समक्ष प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

