कोरबा 30 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिनिमाता गर्ल्स कॉलेज परिसर में हुई चोरी के मामले का पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी किए गए एल्युमिनियम फ्रेम सहित एल्युमिनियम एवं लोहे का अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। संदिग्धों की पतासाजी करते हुए उनसे पूछताछ की गई और उपलब्ध जानकारी के आधार पर चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया तथा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मिनिमाता गर्ल्स कॉलेज से चोरी किए गए एल्युमिनियम के फ्रेम, एल्युमिनियम एवं लोहे की अन्य सामग्री बरामद की। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए सब्बल, पेचकस सहित अन्य औजार भी जब्त किए गए हैं।
कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में आरोपियों की शीघ्र पतासाजी, गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

