मंत्री केदार कश्यप के काफिले में भीषण हादसा, स्कॉर्पियो ने कार और फॉलो वाहन को मारी टक्कर; हादसे में 6 घायल

 

कोंडागांव 23 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। जूनवानी के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे के दौरान मंत्री केदार कश्यप भी कार में मौजूद थे, लेकिन वे सुरक्षित बच गए।

हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में मंत्री के पीए अनुराग शर्मा, ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य समेत चार पुलिस जवान शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

घायलों में प्रधान आरक्षक राजेश नेताम और आरक्षक सुगंतिन उसेंडी को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं मंत्री के पीए अनुराग शर्मा के सीने में दर्द और ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य के सिर, चेहरे व पैर में चोटें बताई गई हैं। आरक्षक त्रिलोतमा मदरू और नर्मदा मरकाम का भी उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो जूनवानी के पास अचानक काफिले में आ गई और मंत्री की कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पीछे चल रहे फॉलो वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन को काफी नुकसान पहुंचा और उसमें सवार पुलिस जवान घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जेसीबी की मदद से सड़क से हटाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ के साथ हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित हैं।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2