BILASPUR: दो धार्मिक पक्षों में जमकर पथराव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

 

बिलासपुर 29 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर के सिटी कोतवाली चौक में दो पक्षों के बीच विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। कहासुनी के बाद दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की।

विवाद के बाद आमने-सामने आए दोनों पक्ष

जानकारी के मुताबिक, हिंदू संगठन से जुड़े रामसिंह ठाकुर और कुछ मुस्लिम युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद मौके पर पथराव शुरू हो गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग चौक पर जमा हो गए।

भीड़ को हटाने पुलिस ने किया बल प्रयोग

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पटाखेनुमा बम फोड़े और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद कुछ समय तक दोनों ओर से पथराव की स्थिति बनी रही। हालात को देखते हुए सिटी कोतवाली चौक और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

मौके पर पहुंचे विधायक सुशांत शुक्ला

विवाद की जानकारी मिलते ही विधायक सुशांत शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हिंदू संगठन से जुड़े लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए है।

फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और विवाद की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2