कोरबा 17 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। आयुर्वेद के प्रणेता महर्षि चरक की जयंती के अवसर पर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत’ अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन 17 अगस्त को किया जाएगा। शिविर पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, निहारिका में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित एवं 15 वर्षों से अधिक का चिकित्सकीय अनुभव रखने वाले आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों के विभिन्न सामान्य, साध्य, कष्टसाध्य एवं असाध्य रोगों के लिए आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा संबंधी परामर्श दिया जाएगा।
शिविर में मधुमेह रोगियों की रक्त शर्करा की निःशुल्क जांच की जाएगी तथा शुगर नियंत्रण के लिए परीक्षित औषधि भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही रोगियों को योगाभ्यास एवं प्राणायाम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण दिया जाएगा। लाभकारी दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार एवं विहार के संबंध में भी विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा व्यक्तिगत परामर्श दिया जाएगा। शिविर में स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी पत्रिका भी निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना ने अंचलवासियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में पंजीयन एवं जांच के लिए निर्धारित समय प्राप्त करने हेतु मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।

