बिहार में डेढ़ करोड़ की डकैती, कोरबा में छिपे दो आरोपी क्राइम टीम के हत्थे चढ़े, सोनू और धीरज गिरफ्तार

 

👉 12 हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बनाया था बंधक।

👉 पिस्टल की नोक पर नकदी और जेवरात लूटे।

कोरबा 15 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। बिहार के नालंदा जिले में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को कोरबा पुलिस की क्राइम टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी निहारिका क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित अपने जीजा के घर में छिपकर रह रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने 14 अगस्त को घेराबंदी कर सोनू और धीरज को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बिहार पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

12 हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बनाया बंधक, पिस्टल की नोक पर नकदी और जेवरात लूटे

जानकारी के मुताबिक, 3 अगस्त की रात करीब 12:58 बजे नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय में राजीव रंजन के घर हथियारबंद डकैतों ने धावा बोल दिया था। करीब 12 बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और पिस्टल का भय दिखाकर नकदी और जेवरात लूट लिए।

शिकायत के अनुसार, बदमाश घर से करीब 45 लाख रुपये नकद, 450 ग्राम सोने के आभूषण और करीब 3 किलो चांदी लेकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है।

कोरबा में रिश्तेदार के घर छिपे थे आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि डकैती के मामले में फरार दो आरोपी कोरबा में अपने रिश्तेदार के घर छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस की क्राइम टीम ने आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।

इसके बाद 14 अगस्त को निहारिका के सुभाष चौक में घेराबंदी कर सोनू और धीरज को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया गया।

स्थानीय भाषा में कर रहे थे बातचीत

वारदात के दौरान डकैत आपस में स्थानीय भाषा में बातचीत कर रहे थे। गिरोह के कुछ सदस्यों के लुंगी पहने होने की जानकारी भी सामने आई है। घटना के बाद नालंदा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी और कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी।

अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मिलेगी मदद

अब बिहार पुलिस दोनों आरोपियों से डकैती की पूरी वारदात, गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों और लूटे गए नकदी व जेवरात के संबंध में पूछताछ करेगी। कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नालंदा की बड़ी डकैती के मामले में फरार आरोपियों को पकड़ने में अहम सफलता मिली है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2