KORBA: बांगो बांध में युवक ने लगाई छलांग, तेज बहाव में हुआ लापता

 

कोरबा 15 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मिनीमाता हसदेव बांगो बांध लबालब हो गया है। बांध का जलस्तर 358.60 मीटर और जलभराव 93.65 प्रतिशत दर्ज किया गया है। पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए जलस्तर नियंत्रित करने के लिए बांध के सात गेट खोल दिए गए हैं। इन गेटों से कुल 18,786 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा पावर प्लांट हाइडल के माध्यम से करीब 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह बांध से हसदेव नदी में कुल 27,786 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बांध के गेट खुलने के बाद हसदेव नदी उफान पर है और बांगो बांध का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

इसी दौरान शनिवार को एक युवक के बांध में छलांग लगाने की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के चैतमा निवासी रंजीत यादव अपने तीन दोस्तों के साथ बांगो बांध घूमने पहुंचा था। चारों दोस्त गार्डन के पास खड़े होकर हंसी-मजाक करते हुए बांध का नजारा देख रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर तीनों दोस्त रंजीत से कुछ दूरी पर चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोस्तों के दूर जाते ही रंजीत गार्डन की रेलिंग पर चढ़ गया और अचानक बांध के खुले गेट की दिशा में पानी में छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से उसके दोस्तों के होश उड़ गए और मौके पर मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि पानी में छलांग लगाने के बाद रंजीत कुछ देर तक तैरता हुआ दिखाई दिया। उसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों को लगा कि वह तैरकर बाहर निकल जाएगा, लेकिन बांध से छोड़े जा रहे पानी के तेज बहाव के कारण वह कुछ ही देर में नीचे की ओर बह गया और देखते ही देखते लोगों की नजरों से ओझल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसकी तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना तत्काल बांगो पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और युवक की तलाश सहित आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना के समय रंजीत के साथ मौजूद उसके तीनों दोस्तों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले चारों दोस्तों के बीच किस बात को लेकर बातचीत हुई थी और क्या किसी बात को लेकर विवाद या कहासुनी हुई थी। हालांकि, फिलहाल रंजीत के बांध में छलांग लगाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना रंजीत के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और युवक की तलाश की जा रही है। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा से संपर्क नहीं हो पाने के कारण घटना को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी फिलहाल प्राप्त नहीं हो सकी है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2