कोरबा, 29 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा ने शनिवार को कोरबा जिला न्यायालय एवं व्यवहार न्यायालय कटघोरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालयीन व्यवस्थाओं, अधोसंरचना, उपलब्ध सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। दोनों न्यायालय परिसरों में पहुंचने पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
कोरबा जिला न्यायालय में मुख्य न्यायमूर्ति श्री सिन्हा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय परिसर की विभिन्न शाखाओं और सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कोर्ट रूम, चिकित्सक कक्ष, विशेष न्यायालय, प्रतिलिपि अनुभाग, शिशु सदन, लोक सूचना अधिकारी कार्यालय, ई-सेवा केंद्र, डिजिटाइजेशन एवं स्कैनिंग रूम सहित निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने न्यायालयीन कार्यों के सुचारू संचालन और अधोसंरचना विकास से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ कोरबा द्वारा मुख्य न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा का स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया गया। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री गणेश कुलदीप ने अधिवक्ताओं की विभिन्न समस्याओं और मांगों से उन्हें अवगत कराया। मुख्य न्यायमूर्ति ने कहा कि अधिवक्ता संघ द्वारा रखी गई मांगों पर विधिवत विचार कर उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिवक्ताओं से न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा पक्षकारों को समयबद्ध एवं सुगम न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इसके बाद मुख्य न्यायमूर्ति श्री सिन्हा ने व्यवहार न्यायालय कटघोरा का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने न्यायालयीन व्यवस्थाओं, अधोसंरचना एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। अधिवक्ता संघ कटघोरा की ओर से उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा मांगों पर नियमानुसार विचार किए जाने का आश्वासन दिया।
मुख्य न्यायमूर्ति ने कहा कि अपने पिछले साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में न्यायालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ न्यायालयों की अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस अवधि में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं और विभिन्न जिलों का दौरा कर न्यायालयीन व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा ने कोरबा जिला न्यायालय एवं व्यवहार न्यायालय कटघोरा के न्यायाधीशों के साथ बैठक भी की। बैठक में न्यायालयीन कार्यों, लंबित प्रकरणों तथा न्यायिक व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के अध्यक्ष श्री संतोष शर्मा, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल श्री रजनीश श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के अध्यक्ष श्री रविंद्र पराशर सहित कोरबा एवं कटघोरा के अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


