कोरबा 23 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। गेवरा क्षेत्र की गरुड़ नगर आवासीय कॉलोनी में बिना अनुमति प्रवेश कर एसीबी कंपनी के कर्मचारियों को काम पर जाने से रोकने, नारेबाजी करने, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में दीपका पुलिस ने भारतीय जनाधिकार पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष दीपक दुबे, दिनेश यादव सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 126(2), 127(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सैनिक माइनिंग गेवरा में सिक्युरिटी इंचार्ज सूरजमल ढूल ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि गरुड़ नगर कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था सुरक्षा गार्डों के माध्यम से की जाती है। 18 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे दीपक दुबे, दिनेश यादव और उनके अन्य साथी बिना पूर्व सूचना कॉलोनी के सामने पहुंचे और एसीबी कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
शिकायत के मुताबिक, इस दौरान कॉलोनी से काम पर जा रहे कर्मचारियों को कथित रूप से रोककर वापस घर जाने के लिए कहा गया। रास्ता रोके जाने के कारण कर्मचारी काम पर नहीं जा सके, जिससे एसईसीएल गेवरा परियोजना में एसीबी कंपनी की मशीनों पर काम प्रभावित होने और काम बंद होने की बात शिकायत में कही गई है।
बताया गया कि शाम करीब 4 बजे भी दीपक दुबे और उनके साथी कॉलोनी के गेट के पास मौजूद थे और कंपनी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। आरोप है कि इसके बाद वे कॉलोनी के अंदर प्रवेश करने लगे। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड सुनील दास ने उन्हें रोकने और समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन शिकायत के अनुसार वे अंदर प्रवेश कर गए। इस दौरान गार्ड और आने-जाने वाले कर्मचारियों से गाली-गलौज एवं धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, गरुड़ नगर कॉलोनी प्रतिबंधित क्षेत्र है और बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश बिना अनुमति प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कथित रूप से बिना अनुमति प्रवेश कर कर्मचारियों को काम पर जाने से रोकने और कंपनी के कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान होने की बात भी कही गई है।
मामले में दीपका पुलिस ने शिकायत के आधार पर दीपक दुबे, दिनेश यादव सहित अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

