KORBA: 135 मरीजों ने उठाया निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का लाभ

 

कोरबा 18 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)।। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद एवं आरोग्य भारती कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में निहारिका रोड स्थित पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय में वृहद निःशुल्क आयुर्वेद एवं एक्यूप्रेशर चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों से पीड़ित 135 मरीजों ने निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, औषधि एवं उपचार का लाभ लिया।

शिविर का शुभारंभ संस्थान के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा सहित चिकित्सकों एवं शिविरार्थियों ने भारत माता एवं आयुर्वेद के प्रवर्तक भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा ने स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए भोजन में संतुलन को आवश्यक बताते हुए हितभुक, मितभुक और ऋतुभुक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संतुलित एवं उचित आहार स्वास्थ्य की रक्षा का महत्वपूर्ण आधार है।

शिविर में मधुमेह, ब्लड प्रेशर, दमा, बवासीर, माइग्रेन, पथरी, वात-कफ-पित्त संबंधी रोग, चर्म रोग सहित महिला, पुरुष एवं बच्चों के विभिन्न पुराने एवं जटिल रोगों के संबंध में चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। मरीजों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां उपलब्ध कराने के साथ एक्यूप्रेशर प्वाइंट के माध्यम से उपचार भी किया गया।

इसके अलावा शिविर में ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप की जांच निःशुल्क की गई। शिविरार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी पत्रिका भी वितरित की गई तथा रोगानुसार योग एवं प्राणायाम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण दिया गया। एक्यूप्रेशर संबंधी उपचार एवं जानकारी पंचकर्म एवं एक्यूप्रेशर थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ ने दी।

शिविर में नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा, नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा, नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा एवं पंचकर्म थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। निःशुल्क औषधियों की उपलब्धता एवं वितरण में पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा सहित सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।

शिविर के सफल आयोजन में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के क्लब डायरेक्टर लायन शिव जायसवाल, सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना, कोषाध्यक्ष लायन सुधीर सक्सेना सहित क्लब एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं से जुड़े सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, जांच, औषधि एवं उपचार की सुविधा मिलने पर शिविर में पहुंचे लोगों ने आयोजकों एवं चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2