कोरबा 10 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने मोबाइल लूट के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रात के समय रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवती को रोककर उसके साथ मारपीट की और करीब 15 हजार रुपये कीमत का Realme मोबाइल लूटकर फरार हो गया था।
मामला 30 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे का है। पम्प हाउस अटल आवास निवासी 24 वर्षीय पूनम राय बाजार से पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक ने उनका हाथ पकड़ लिया और मारपीट करते हुए मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। घटना की शिकायत पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 274/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पतासाजी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान रामा सोरी, पिता बंशी सोरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी जैन मंदिर के पीछे, बुधवार बाजार के पास, कोरबा के रूप में की।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी
9 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुधवार रेलवे किनारे बस्ती, सीएसईबी चौकी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी रामा सोरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने की घटना स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Realme कंपनी का RMX 3944 मॉडल मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त किया। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 309(6) बीएनएस भी जोड़ी गई। आरोपी को 9 अगस्त को दोपहर 1:10 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी और लूटे गए मोबाइल की बरामदगी में पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्रवाई में सीएसईबी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रमोद पटेल, प्रधान आरक्षक 286 गोविन्द सिंह और आरक्षक 689 रितेश शर्मा का विशेष योगदान रहा।
सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान के तहत पुलिस की लगातार कार्रवाई से लूट के मामले में आरोपी तक पहुंचकर मोबाइल बरामद करने में सफलता मिली।

