KORBA: कटघोरा में एक और प्रतिमा को लेकर विवाद, कलेक्टर से शिकायत

 


कोरबा 17 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को लेकर चल रहा विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ है कि कटघोरा में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रस्तावित प्रतिमा स्थल को लेकर नया विवाद सामने आ गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर के समीप प्रतिमा स्थापना के लिए चयनित स्थल पर कथित रूप से अन्य निर्माण कराए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए निर्माण पर तत्काल रोक लगाने और पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद एवं नगर पालिका की अपीलीय समिति के सदस्य किशोर दिवाकर ने कलेक्टर को सौंपे शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के पास छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्थल प्रस्तावित किया गया है। इसी स्थान पर किसी व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा कथित रूप से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

शिकायत में कहा गया है कि प्रस्तावित प्रतिमा स्थल पर निर्माण होने से नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है और स्थिति गंभीर रूप ले सकती है। किशोर दिवाकर के साथ वार्ड क्रमांक 2 एवं 7 के पार्षदों ने भी मामले का समर्थन करते हुए जिला प्रशासन एवं नगर पालिका से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ की अस्मिता और भावनाओं का हवाला देते हुए प्रस्तावित स्थल पर किए जा रहे निर्माण को रोकने, यदि निर्माण नियमविरुद्ध पाया जाए तो उसे हटाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

मामले में अब प्रशासन की कार्रवाई पर नजर है। शिकायत के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि आखिर प्रतिमा स्थापना के लिए प्रस्तावित स्थल पर निर्माण की अनुमति किस आधार पर दी गई और संबंधित विभागों ने अब तक इस पर क्या कार्रवाई की है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2