KORBA: महर्षि चरक जयंती पर आयुर्वेदिक पौधों का वितरण, निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा शिविर में लोगों को मिला परामर्श

 

कोरबा 18 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। श्रावण शुक्ल पंचमी एवं आयुर्वेदाचार्य महर्षि चरक की जयंती के अवसर पर आयुष मेडिकल एसोसिएशन एवं लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के संयुक्त तत्वावधान में निहारिका रोड स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आंवला, गिलोय, नीम, तुलसी और एलोवेरा सहित विभिन्न औषधीय पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही इन पौधों का विभिन्न स्थानों पर रोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने महर्षि चरक के जीवन एवं आयुर्वेद में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चरक संहिता केवल चिकित्सा शास्त्र नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद के ग्रंथ भावप्रकाश के अनुसार श्रावण शुक्ल पंचमी अर्थात नागपंचमी को महर्षि चरक का जन्मदिवस माना गया है। इसी परंपरा के अनुसार प्रतिवर्ष इस दिन महर्षि चरक जयंती मनाई जाती है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि महर्षि चरक ने औषधि चिकित्सा के सिद्धांतों को व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत कर मानव समाज को स्वस्थ जीवन की दिशा दिखाई। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए व्यक्ति अपने आहार-विहार और जीवनशैली में सुधार कर निरोगी जीवन की ओर बढ़ सकता है।

उन्होंने महर्षि चरक के संदेश को उद्धृत करते हुए कहा—

“नरो हिताहार विहार सेवी समीक्ष्यकारी विषयेष्वसक्तः।

दातासमः सत्यपरः क्षमावान् आप्तोपसेवी च भवत्यरोगः।।”

अर्थात जो व्यक्ति हितकर आहार-विहार का सेवन करता है, सोच-समझकर कार्य करता है, विषय-वासनाओं में आसक्त नहीं रहता, दानशील, समदर्शी, सत्यवादी एवं क्षमाशील होता है तथा सज्जनों की संगति करता है, वह निरोगी रहता है।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को निःशुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा संबंधी परामर्श दिया गया। साथ ही आंवला, गिलोय, नीम, तुलसी और एलोवेरा जैसे औषधीय पौधों के औषधीय महत्व एवं उपयोग की जानकारी भी दी गई। आयोजकों ने बताया कि औषधीय पौधों के संरक्षण एवं घर-घर तक आयुर्वेद को पहुंचाने के उद्देश्य से पौधों का वितरण और रोपण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस अवसर पर डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, डॉ. संजय वैष्णव, डॉ. सुरेंद्र मिश्रा, डॉ. सुधांशु शर्मा, डॉ. जितेंद्र नारायण शर्मा, डॉ. लव कुमार साहू, डॉ. प्रदीप कश्यप, डॉ. अजय निर्मलकर, डॉ. नंदिनी तिवारी, डॉ. राजेश राठौर एवं डॉ. वागेश्वरी शर्मा सहित श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के क्लब डायरेक्टर लायन शिव जायसवाल, सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना, कोषाध्यक्ष लायन सुधीर सक्सेना सहित नेत्रनन्दन साहू, अश्वनी बुनकर, अरुण मानिकपुरी, धीरज तंबोली, कुश गुप्ता, मनीष कौशिक, कमल धारिया, देवबली कुंभकार, सिद्धराम साहनी, अनुराग कंवर, गुनगुन राठिया, खुशबु कुमार, कांची सिंह, शैल निषाद एवं पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की प्रार्थना के साथ सभी के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2