सक्ती, 7 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री भारत सरकार शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आगामी 11 सितंबर 2026 को सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने ग्राम जेठा स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की तथा कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए रूट मैप का अवलोकन किया। उन्होंने मुख्य मंच, टेंट एवं पंडाल, दर्शक दीर्घा, पत्रकार दीर्घा, अतिथियों एवं आमजनों की बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बायो टॉयलेट, बैरिकेटिंग, विद्युत एवं लाइटिंग व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों, मीडिया प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था व्यवस्थित रखने के साथ पर्याप्त पार्किंग और सुचारु यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सक एवं मेडिकल टीम की तैनाती, एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने ग्रीन रूम, मंचीय व्यवस्था तथा अतिथियों के आगमन और निकासी की तैयारियों की भी जानकारी ली।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कलेक्टर कार्यालय में सक्ती जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक भी ली। बैठक में 11 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के प्रत्येक बिंदु की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जनप्रतिनिधियों से भी की भेंट-मुलाकात
कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने जिले के क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी भेंट-मुलाकात की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम के वृहद एवं बेहतर आयोजन में जिला प्रशासन का पूरा सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का कार्यक्रम है और इसे बेहतर ढंग से आयोजित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना है।
उल्लेखनीय है कि 11 सितंबर को ग्राम जेठा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों एवं आमजनों के शामिल होने की संभावना है।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान पंचायत सचिव सुश्री ऋचा शर्मा, पंचायत आयुक्त श्री तारण प्रकाश सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार, आयुष शर्मा, श्रीमती संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, श्री टिकेश्वर गबेल, कृष्ण कांत चंद्रा, अभिषेक शर्मा, रामनरेश यादव, चिराग अग्रवाल सहित कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, श्री बालेश्वर राम, श्री के.एस. पैंकरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


