कोरबा 22 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में संपत्ति विवाद को लेकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमीन के बंटवारे और संपत्ति के अलग-अलग हिस्से किए जाने को लेकर चल रहे विवाद के दौरान एक भतीजे ने अपने 85 वर्षीय चाचा पर धारदार हथियार (टांगिया) से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बबन राम यादव (85 वर्ष), पिता बुद्ध राम यादव, निवासी सीपत पारा, पिपरिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार, 22 सितंबर 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे जमीन के बंटवारे को लेकर बबन राम यादव और उनके भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (23 वर्ष), पिता राम प्रसाद यादव के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित रूप से टांगिया से बबन राम यादव के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या की वजह जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

