कोरबा 22 अक्टूबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के रजगामार बस्ती से लापता 7 वर्षीय बच्ची भव्या जोशी का शव घने जंगल में नहर किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मासूम की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। बच्ची के साथ अनाचार के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
राशन दुकान जाने निकली थी मासूम, फिर नहीं लौटी घर
जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बच्ची के पिता प्रकाश जोशी ने भव्या को पास की राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लाने के लिए भेजा था। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने रजगामार चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की थी।
घने जंगल में मिला शव
बच्ची की तलाश के दौरान रजगामार के घने जंगल में नहर किनारे उसका शव मिलने की सूचना सामने आई। मासूम का शव मिलने की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, हर पहलू पर जांच
पुलिस बच्ची के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। राशन दुकान और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही, संदिग्धों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। अनाचार और हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल कर रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस के साथ बाघ को भी लगाया गया है।
जल्द गिरफ्तारी का पुलिस का दावा
कोरबा सीएसपी प्रतीक द्विवेदी ने मीडिया को बताया कि मामले में आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों और घटना में किसी की संलिप्तता को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।


