Update; मासूम भव्या का गुनहगार गिरफ्तार! अनाचार के बाद हत्या की वारदात को दिया अंजाम

 

कोरबा 23 अक्टूबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के रजगामार क्षेत्र से लापता 7 वर्षीय मासूम भव्या जोशी का शव घने जंगल में नहर किनारे मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। तीन दिनों से बच्ची की तलाश कर रहे परिजनों को जब उसके शव मिलने की खबर मिली, तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मासूम की मौत से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आज पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।

राशन दुकान जाने निकली थी बच्ची, फिर नहीं लौटी घर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बच्ची के पिता प्रकाश जोशी ने भव्या को पास की राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लाने के लिए भेजा था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने रजगामार चौकी में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की। पुलिस और परिजन लगातार बच्ची को खोजने में जुटे रहे, लेकिन आखिरकार उसकी तलाश दुखद अंत के साथ समाप्त हुई।

घने जंगल में नहर किनारे मिला शव

बच्ची की तलाश के दौरान रजगामार के घने जंगल में नहर किनारे उसका शव बरामद हुआ। मासूम का शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली गई।

बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उसके साथ अनाचार के बाद हत्या किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही होगी।

फिर बना बाघा मददगार

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक इस मामले में पुलिस ने एक पर संदेह रखा था जिसके बारे में सबसे अहम सुराग पुलिस डॉग बाघा के द्वारा दिया गया। बच्ची का शव मिलने वाले स्थान से आरोपी का सुराग तलाशते हुए बाघा सीधे रावणभाठा रजगामार स्थित संदेही के मकान तक जा पहुंचा। यहां इस वक्त घर पर एक महिला मौजूद थी। पुलिस ने बाघा के संकेत के आधार पर इस घर से गायब मिले शख्स की तलाश शुरू की और अंतत: उसे दबोच लिया। मनोवैज्ञानिक तरीके से कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया

आरोपी गिरफ्तार, आज हो सकता है बड़ा खुलासा

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में अजय उर्फ अमित चौहान (42 वर्ष), पिता बाबूलाल, को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बालको नगर के सेक्टर-5 का निवासी है। उसकी पहली पत्नी वहीं रहती है, जबकि रजगामार चौकी क्षेत्र के रावणभाठा मोहल्ले में उसकी दूसरी पत्नी रहती है। बताया गया है कि आरोपी अक्सर दूसरी पत्नी से मिलने रजगामार आता था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन भी आरोपी रजगामार क्षेत्र में आया हुआ था। इसी दौरान बच्ची से जुड़ी वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना का वास्तविक क्रम, अपराध का उद्देश्य और अन्य महत्वपूर्ण तथ्य पुलिस के आधिकारिक खुलासे के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है। उसे न्यायालय में पेश किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

मासूम की मौत से उठे गंभीर सवाल

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिस बच्ची की सुरक्षित घर वापसी की उम्मीद में परिजन और पुलिस तलाश कर रहे थे, उसका शव मिलने से हर कोई स्तब्ध है। घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

अब सभी की निगाहें पुलिस के आधिकारिक खुलासे पर टिकी हैं। उम्मीद है कि जांच के जरिए घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा होगा और दोषी को कानून के अनुसार सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।



Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2