कोरबा, 28 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बालको शाखा में करीब 94 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता और कथित गबन के मामले में छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) एवं आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) को बड़ी सफलता मिली है। एसीबी बिलासपुर की टीम ने छह साल पुराने इस मामले में फरार चल रहे बैंक के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका जिले से गिरफ्तार किया है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी पर बैंक के विभिन्न खातों से कुल 93 लाख 60 हजार 797 रुपये निकालकर अपनी पत्नी, वाहन चालक और अन्य लोगों के बैंक खातों में अवैध रूप से ट्रांसफर करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को छत्तीसगढ़ लाया गया और कोरबा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड हासिल की गई है।
2020 में दर्ज हुई थी शिकायत
एसीबी/ईओडब्ल्यू से मिली जानकारी के अनुसार, एसबीआई के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय कोरबा के तत्कालीन क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में रायपुर स्थित ईओडब्ल्यू/एसीबी मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बाल्को शाखा में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता किए जाने और बैंक की रकम के गबन का आरोप लगाया गया था।
जांच में पता चला कि सुनील कुमार झा एक जून 2018 से एक अगस्त 2019 तक बाल्को शाखा में मुख्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि इसी दौरान उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक के अलग-अलग खातों से 93,60,797 रुपये अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर किए।
बैंक के दस्तावेजों की जांच में सामने आई वित्तीय गड़बड़ी
शिकायत के आधार पर वर्ष 2020 में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 07/2020 दर्ज कर भारतीय दंड विधान की धारा 409 के तहत जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान जांच अधिकारियों ने बैंक के टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते और डिस्काउंट खाते के स्टेटमेंट जब्त किए। इसके साथ ही संबंधित खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट, मूल बैच ट्रांसफर रिकॉर्ड और डेबिट वाउचर भी जांच के दायरे में लिए गए।
दस्तावेजों की पड़ताल में बैंक के बीजीएल खातों से रकम डेबिट कर दूसरे खातों में ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई। जांच एजेंसी के अनुसार, इन लेनदेन से संबंधित वाउचर आरोपी द्वारा तैयार किए गए थे। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(ए) एवं 13(2) तथा भारतीय दंड विधान की धारा 420, 467, 468 और 471 भी जोड़ी गईं।
👉 झारखंड में ठिकाने से दबोचा गया आरोपी
लंबे समय से आरोपी की तलाश में जुटी एसीबी बिलासपुर की टीम ने आखिरकार उसे झारखंड के दुमका जिले के राखाबानी, रसीकपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से छत्तीसगढ़ लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड प्राप्त की गई।
इसके बाद एसीबी की टीम आरोपी को कोरबा लेकर पहुंची और संबंधित न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने मामले में पूछताछ के लिए आरोपी की पुलिस रिमांड मंजूर कर दी है। अब जांच एजेंसी आरोपी से कथित वित्तीय लेनदेन, रकम के हस्तांतरण और अन्य संबंधित पहलुओं पर पूछताछ करेगी।

