कोरबा 28 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे से पकड़ा। कार्रवाई के दौरान आरोपी मोबाइल के जरिए विभिन्न ऑनलाइन सट्टा साइटों पर अंकों और जोड़ियों के माध्यम से दांव लगाते हुए मिला।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की (43 वर्ष), पिता स्व. ईस्माइल कुरैशी, निवासी वार्ड क्रमांक 06, पुरानी रानी रोड, दुर्गा मंदिर के पास, कोतवाली थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी ऑनलाइन माध्यम से श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे और कल्याण जैसी साइटों पर सट्टा खेल रहा है और सट्टा-पट्टी भी लिख रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों और स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी के मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टा साइटों से संबंधित जानकारी और विभिन्न अंकों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिले। पुलिस ने मौके से सट्टा-पट्टी, मोबाइल फोन और नगद रकम भी जब्त की है। इसके अलावा आरोपी के फोन-पे नंबर से सट्टे के लेन-देन में लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई ट्रांजैक्शन की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 968/2026 दर्ज करते हुए छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
कोरबा पुलिस की आम जनता से अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सट्टा-जुआ जैसी गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें। यदि आसपास कहीं इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिलती है, तो तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

