KORBA: नशे में झूमते स्कूली बच्चों का वीडियो वायरल, 7 विद्यार्थियों को TC का नोटिस

 

कोरबा 19 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कोरबा जिले में स्कूली बच्चों के बीच नशे की बढ़ती प्रवृत्ति का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पाली विकासखंड के कोरबी धतूरा (हरदीबाजार) स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पांच छात्र और दो छात्राओं के नशा करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है। वीडियो सामने आने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने संबंधित विद्यार्थियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने कुछ छात्र विद्यालय के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा स्थान पर गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 14 नवंबर का है। वहीं दूसरे वीडियो में कक्षा नौवीं की दो छात्राएं सुनसान जगह पर सिगरेट पीती नजर आ रही हैं। वीडियो में दोनों के बीच अभद्र भाषा में बातचीत भी सुनाई दे रही है। बताया गया है कि छात्राओं ने ही वीडियो बनाया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

👉 प्राचार्य ने बुलाई बैठक, अभिभावकों को दिखाए वीडियो

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्राचार्य बलभद्र सिंह ने शाला प्रबंधन समिति और संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक बुलाई। बैठक में अभिभावकों को वायरल वीडियो दिखाकर पूरे मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद पांच छात्रों और दो छात्राओं को स्थानांतरण प्रमाणपत्र (TC) जारी करने के संबंध में नोटिस दिया गया है।

प्राचार्य ने मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र के माध्यम से भेजने की बात कही है। दूसरी ओर जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय ने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है। इससे शिक्षा विभाग की निगरानी और सूचना तंत्र पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

👉 सात बच्चे ही नहीं, नशे की गिरफ्त में जाता पूरा बचपन चिंता का विषय

कोरबी धतूरा की यह घटना किसी एक विद्यालय की अनुशासन व्यवस्था तक सीमित नहीं है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक किशोरों में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थों का इस्तेमाल चिंता बढ़ा रहा है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर बस्तियों में कम उम्र के बच्चों का सूंघने वाले नशे की गिरफ्त में आना गंभीर सामाजिक समस्या बनता जा रहा है।

नशे की लत कई बार बच्चों को चोरी और दूसरी आपराधिक गतिविधियों तक पहुंचा देती है। असामाजिक तत्व ऐसे नाबालिगों का इस्तेमाल अपने फायदे के लिए करते हैं। ऐसे में सवाल सिर्फ यह नहीं है कि बच्चे नशा क्यों कर रहे हैं, बल्कि यह भी है कि उन्हें नशा उपलब्ध कौन करा रहा है?

👉 रील, दिखावा और गलत संगत का खतरनाक मेल

सोशल मीडिया पर खुद को अलग दिखाने और दोस्तों के बीच लोकप्रिय होने की चाह में कुछ किशोर जोखिम भरी गतिविधियों की ओर बढ़ रहे हैं। नशे को सामान्य या आकर्षक दिखाने वाली सामग्री भी बच्चों की सोच को प्रभावित कर सकती है। हालांकि वायरल वीडियो बनाने के पीछे विद्यार्थियों की मंशा स्पष्ट नहीं है, लेकिन इस घटना ने अभिभावकों और शिक्षकों को सतर्क होने का संकेत जरूर दिया है।

👉 TC देना आसान, लेकिन नशे के नेटवर्क पर लगाम लगाना जरूरी

विद्यालय प्रबंधन की कार्रवाई अपनी जगह है, लेकिन विद्यार्थियों को स्कूल से बाहर करने भर से समस्या का समाधान नहीं होगा। असली सवाल नशे की उपलब्धता और उसे बच्चों तक पहुंचाने वाले लोगों का है। कोटपा सहित तंबाकू नियंत्रण के कानून और नशामुक्ति अभियान चलने के बावजूद यदि स्कूली बच्चे नशे तक पहुंच रहे हैं, तो कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा जरूरी है।

प्रशासन और पुलिस को यह पता लगाना चाहिए कि नाबालिगों तक नशीले पदार्थ कैसे पहुंच रहे हैं। वहीं शिक्षा विभाग को विद्यालयों में नियमित काउंसलिंग, अभिभावक संवाद और जागरूकता कार्यक्रमों पर ध्यान देना चाहिए।

सबसे बड़ा सवाल: क्या सात विद्यार्थियों को TC का नोटिस देकर जिम्मेदारी पूरी हो जाएगी, या फिर उन लोगों तक भी कार्रवाई पहुंचेगी जो मासूम कम उम्र में बच्चों को नशे की राह पर धकेल रहे हैं? कोरबी धतूरा के वायरल वीडियो ने पूरे समाज के सामने यही सवाल खड़ा कर दिया है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2