कोरबा 17 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। शहर में शांति व्यवस्था भंग करने और लोगों के बीच भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने गुंडा बदमाश एवं आदतन अपराधी पंकज शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 13 इंच लंबा लोहे का धारदार हथियार भी जब्त किया है।
🔴 हथियार लहराकर लोगों को डरा रहा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पंकज शर्मा द्वारा धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 934/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और घटना में इस्तेमाल लोहे का धारदार हथियार बरामद किया। जब्त हथियार की कुल लंबाई लगभग 13 इंच है, जिसमें 10 इंच का धारदार फल और करीब 3.5 इंच की मूठ शामिल है।
🔴 आदतन अपराधी पर जिला बदर की तलवार
पुलिस के अनुसार, पंकज शर्मा क्षेत्र का आदतन अपराधी है और उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। फिलहाल यह प्रकरण लंबित है। पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
🔴 बाउंड ओवर की शर्तें तोड़ना पड़ा भारी
आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 129 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। उसे निर्धारित प्रतिभूति राशि लेकर भविष्य में शांति एवं सदाचार बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए बाउंड ओवर किया गया था। इसके बावजूद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने पर बॉन्ड राशि जब्त करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया है।
🔴 गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: पंकज शर्मा उम्र31 वर्ष निवास अमरैयापारा, कोरबा।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

