रायपुर 18 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़िया समाज के खिलाफ कथित अपमानजनक एवं धमकी भरे बयान को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधानसभा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक बयान देने वाली मधुबाला गिरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में मधुबाला गिरी ने छत्तीसगढ़िया समाज को 'जाहिल-गंवार' एवं 'अनपढ़' कहकर अपमानित किया है। साथ ही 'छह नंबर की चप्पल का निशान गाल पर पड़ेगा' और 'सामने आने पर पैंट गीली हो जाएगी' जैसे धमकी भरे शब्दों का प्रयोग किया गया है।
संगठन का कहना है कि इस तरह के बयान से छत्तीसगढ़िया समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक तनाव उत्पन्न होने की आशंका है। ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से वीडियो एवं उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी में रहकर छत्तीसगढ़िया समाज के मान-सम्मान और स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।

