कोरबा 17 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। दाम्पत्य जीवन में बढ़ता विवाद एक मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गया। चरित्र पर संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने एक मां की गोद सूनी कर दी और एक पिता को अपने ही मासूम बच्चे की मौत का जिम्मेदार बना दिया। पत्नी पर किए गए डंडे के वार की चपेट में उसकी गोद में मौजूद महज ढाई माह का दुधमुंहा बच्चा आ गया। घटना में पत्नी घायल हो गई, जबकि गंभीर चोट लगने से मासूम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम सलोरा निवासी द्वारिका प्रसाद केंवट सोमवार को शराब के नशे में अपनी पत्नी मुस्कान केवट के चरित्र पर संदेह करते हुए उससे विवाद कर रहा था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आवेश में आकर पति ने पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। दुर्भाग्यवश, उस वक्त मां की गोद में मौजूद ढाई माह के मासूम बेटे सोमू को भी डंडे की चोट लग गई। गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी एवं एसआई चंद्रमणि खांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी पति द्वारिका प्रसाद केंवट को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया गया है।

