KORBA: सीएसईबी कर्मचारी की हक की रकम पर डाका, ₹56 हजार से अधिक का गबन करने वाला आरोपी गिरफ्तार

 

👉 ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि को अपने खाते में कराया था ट्रांसफर

कोरबा 13 नवम्बर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। सीएसईबी विभाग में कार्यरत कर्मचारी की मेहनत की कमाई और हक की राशि में सेंध लगाने वाले आरोपी को कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विभागीय कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस एवं अनुग्रह राशि समेत कुल ₹56,065 की रकम का गबन करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामले के अनुसार, प्रार्थी शत्रुहन कुमार सोनी, निवासी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, कार्यालय कार्यपालन अभियंता, तुलसीनगर कोरबा की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी हरीश कुमार साहू को उसके निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संभागीय कार्यालय स/सं संभाग कोरबा, तुलसीनगर में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत था। इसी दौरान उसने एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस एवं अनुग्रह राशि की कुल ₹56,065 की रकम आरटीजीएस के माध्यम से अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली थी।

पुलिस के अनुसार, मामले में अपराध घटित होना पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:

हरीश कुमार साहू, पिता स्व. अंजोर साय, उम्र 35 वर्ष, निवासी एसई/522, सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)।

पंजीबद्ध अपराध: अपराध क्रमांक 177/2026, धारा 316(5), 336, 340 एवं 238 बीएनएस।

कोरबा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली पुलिस ने इस मामले में आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2